गुरुवार, 3 नवंबर 2011

औरंगाबाद में आज की ताज़ा खबर ३.११.२०११

लुटेरों ने बमबारी कर लाखों के सामान लूटे

औरंगाबाद :
फेसर थाना के इब्राहिमपुर गांव में सहेन्द्र मिश्रा के घर मंगलवार की रात लुटेरों ने बमबारी कर लाखों रुपए के सामान लूट लिए। लुटेरों ने घर मालिक सहेन्द्र की पिटाई की। मामले में पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर तहकीकात कर रही है। सहेन्द्र की माने तो लुटेरों ने घर का किवाड़ खोल अंदर प्रवेश कर गए और सामान ले जाने लगे। जगने पर दहशत फैलाने के लिए बमबारी की। बमबारी में सहेन्द्र का हाथ जल गया। लुटेरों ने सहेन्द्र की पिटाई भी की। हल्ला करने पर सभी लुटेरे सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

वाहन से कुचल युवक मरा, एनएच 98 जाम

दाउदनगर (औरंगाबाद) :
 छठ का प्रसाद अपने रिश्तेदारों के घर पहुंचाना खुदवां थाना के परिहारा गांव निवासी नन्हेश्वर यादव को महंगा पड़ा। गुरुवार को जब वे साइकिल से केरा गांव स्थित अपने फूफा के घर जा रहे थे कि ट्रक (सीजी04जेसी-8133) से कुचल जाने के कारण एनएच 98 पर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक ने बचाने की कोशिश की परंतु पीछे से तेज रफ्तार से आ रही टेम्पो ने कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। युवक की उम्र चालीस वर्ष बताई जा रही है। उसके तीन लड़के एवं एक लड़की है। घटनास्थल पर नीमा गांव निवासी उसकी भतीजी धनवती देवी का रो रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की वजह से करीब तीन घंटे तक एनएच 98 जमा रहा। मौके पर पहुंचे विधायक सोमप्रकाश ने बीमा राशि की प्राप्ति के लिए कानूनी लड़ाई का खर्च खुद उठाने की घोषणा की।

धरती के भगवान ने ली जान

औरंगाबाद :
धरती के भगवान ने भारथीपुर गांव निवासी नागेश्वर यादव की पत्नी काश्मीरा देवी (30 वर्ष) की जान ले ली। मंगलवार को काश्मीरा के परिजनों ने उसे प्रसव के लिए पौथू थाना मुख्यालय स्थित फर्जी चिकित्सक डा. जितेन्द्र कुमार के क्लीनिक में भर्ती कराया। पौथू के ग्रामीणों की माने तो डा. जितेन्द्र ने प्रसव के लिए काश्मीरा का सिजेरियन आपरेशन किया। आपरेशन से पुत्र जन्म लिया। आपरेशन के दौरान महिला का नस कट जाने से अधिक रक्तस्राव हुआ जिस कारण उसकी स्थिति गंभीर होने लगी। ग्रामीणों के अनुसार चिकित्सक बोलेरो (बीआर2के-0748) से बेहतर इलाज हेतु महिला को औरंगाबाद ले जाने लगे की रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया परंतु चिकित्सक के गुर्गो ने उसे चुप करा दिया। इससे पहले भी इस क्लीनिक में बेलहड़िया गांव निवासी शिवकुमार चन्द्रवंशी की पत्नी उषा देवी (22 वर्ष) की मौत सिजेरियन आपरेशन के दौरान पिछले वर्ष अक्टूबर माह में हो गई थी। उषा को बच्ची जन्म लिया था और वह अब एक वर्ष की हो गई है। परिजनों ने उसका नाम अनामिका रखा है। वह मां को खोजते हुए रोती है तो परिजनों का दिल दहल उठता है। उषा के मौत के समय भी चिकित्सक के गुर्गो ने उसके परिजनों की बोलती बंद कर दी थी। बताया जाता है कि गोह थाना के तिलन बिगहा गांव निवासी जितेन्द्र करीब चार वर्षो से पौथू थाना मुख्यालय में क्लिनिक चला रहा है। न तो वह डाक्टर है और न ही उसके यहां कोई चिकित्सक आते हैं। पुलिस भी सब कुछ देखते हुए चुप रहती है। सिविल सर्जन डा. परशुराम भारती ने बताया कि घटना की सूचना हमें मिली है जांच कर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि जिले में फर्जी क्लीनिकों की सूची तैयार करने का आदेश पीएचसी प्रभारी को दिया गया है। जो भी चिकित्सक बिना डिग्री के क्लीनिक या नर्सिग होम चलाते पकड़े जाएंगे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। उधर पूछे जाने पर डा. जितेन्द्र ने आपरेशन की बात से इंकार किया। कहा कि मैं न तो भारथीपुर के नागेश्वर को जानता हूं और न ही काश्मीरा को। डिग्री के सवाल पर कहा कि गया से बीएएमएस की पढ़ाई कर रहा हूं।

जागरण कार्यक्रम में झूमते रहे ग्रामीण

मदनपुर (औरंगाबाद) :
प्रखंड के जयपाल बिगहा गांव में छठ पूजा समिति द्वारा आयोजित जागरण कार्यक्रम का उद्घाटन मंगलवार रात्रि मुखिया बबिता देवी ने फीता काटकर किया। मुखिया ने सूर्य मंदिर के समीप केशहर नदी पर छठ घाट निर्माण कराने की घोषणा की। कहा कि आप सबों के सहयोग की आवश्यकता है। विकास करने को हम तैयार हैं। घटराईन पंचायत के झिकटिया गांव में छठ पर आयोजित जागरण का उद्घाटन मुखिया संजय कुमार ने किया। कहा कि आस्था एवं विश्वास के साथ हमें मुखिया बनाया है उसमें हम इमानदारी पूर्वक सबों के सहयोग से पंचायत का विकास करेंगे। मुखिया प्रतिनिधि अरुण कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष धीरेन्द्र गिरी, मनोज सिंह, डब्लू सिंह, शिवपूजन मिश्रा, शंकर यादवेन्दू उपस्थित थे।


चोर धराया
औरंगाबाद:
छठ के दिन रफीगंज थाना के बाबुगंज मुहल्ला में अशोक कुमार सिंह के घर मंगलवार रात्रि चोरी करते चित्रसारी गांव निवासी राजू यादव पकड़ा गया। ग्रामीणों ने चोर की पिटाई करते हुए स्थानीय पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने चोर को गुरुवार को जेल भेज दिया है। अशोक की पत्नी उर्मिला देवी के बयान पर चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उधर कासमा थाना के पिछुलिया गांव में विनय चौधरी के घर से मंगलवार रात्रि चोरों ने हजारों रुपए की संपत्ति चुरा ली। ललिता देवी के बयान पर मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई है। गांव के ही सुभाष भुईयां पर चोरी करने का संदेह जताया गया है। पुलिस तहकीकात कर रही है।

नाली निर्माण में अनियमितता की शिकायत

ओबरा (औरंगाबाद) :
 प्रखंड मुख्यालय के थाना रोड में डा. भागवत सिंह के घर से थाना मोड़ तक बनी नाली में अनियमितता की शिकायत ग्रामीणों ने अधिकारियों से की है। बताया कि मनरेगा से साढ़े पांच सौ फीट नाली का निर्माण कराया गया। जो निर्माण कराया गया वह घटिया है। ग्रामीण रंजीत राम की पत्नी फूलकुमारी देवी, रामसेवक साव, विकास शर्मा, अरविंद साव, शिक्षक केशव प्रसाद ने बताया कि पहले से नाली बना था उसी ईट को उखाड़कर नाली का निर्माण किया गया है। कुछ दिन पहले पूर्व मुखिया अन्नपूर्णा देवी के द्वारा इस नाली का निर्माण कराया गया था। इस बार नाली निर्माण के नाम पर 1 लाख 90 हजार रुपए की निकासी की गई है परंतु निर्माण में अधिकांश ईट पुराना लगा है। डा. उपेन्द्र प्रसाद वर्मा, विष्णु ठाकुर ने भी जांच की मांग की है। अभिकर्ता रोजगार फैज अहमद ने बताया कि नाली निर्माण में नए ईट का प्रयोग किया गया है। पुराने ईट से दलित मुहल्ले में खरंजा का निर्माण कराया जा रहा है। मुखिया कांति देवी के पति प्रमोद भगत ने बताया कि यहां पानी जमा रहता था जिस कारण लोगों की परेशानी को देखते हुए निर्माण कराया गया है। कनीय अभियंता मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि नाली निर्माण में 75 प्रतिशत ईट नया एवं 25 प्रतिशत पुराना लगा है।

पैसा लेते पकड़े गए दो स्वास्थ्यकर्मी

औरंगाबाद :
सदर अस्पताल में इलाज के लिए पैसे लिए जाते हैं। टीकाकरण के लिए जो भी महिलाएं बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंचती हैं उनसे सूई देने के एवज में स्वास्थ्यकर्मी पैसा वसूलते हैं। शिकायत पर गुरुवार को सिविल सर्जन डा. परशुराम भारती ने मामले की जांच की। जांच के दौरान यह पाया गया कि बीसीजी के टीका के लिए कर्मी 10 रुपए वसूलते हैं। उपस्थित महिलाओं से सीएस ने पूछताछ की तो सभी ने बताया कि हमसे पैसा लिया गया है। सीएस ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मी उमेश कुमार एवं राजेश कुमार को दोषी पाते हुए निलंबित किया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सीएस ने बताया कि अस्पताल में ममता मालती देवी एवं संतरा देवी दलाली करते हैं। दोनों के खिलाफ लोगों ने शिकायत की है। सीएस के अनुसार मालती एवं संतरा अस्पताल से मरीजों को निजी क्लीनिक पहुंचाते हैं। क्लीनिक पहुंचाने के एवज में दोनों संचालक से पैसा वसूलते हैं। सीएस ने बताया कि दोनों से स्पष्टीकरण पूछा गया है। निलंबित करते हुए कार्रवाई की जाएगी। सीएस के कार्रवाई से गुरुवार को अस्पताल परिसर में हड़कंप रहा।

न जाने किसका सुहाग है यह मरीज

औरंगाबाद :
सदर अस्पताल के पुरुष वार्ड में एक बेड पर छह दिनों से 35 वर्षीय मरीज तड़प रहा है। जीटी रोड पर मदनपुर थाना क्षेत्र के घटराईन के पास वह दुर्घटना में घायल हुआ था। इलाज के लिए मदनपुर थाना पुलिस ने उसे पीएचसी में भर्ती कराया। वहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल भेज दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने इलाज के नाम पर उसे पानी चढ़ा कुछ सुई दवा दी। वार्ड में भर्ती मरीजों की माने तो कोई चिकित्सक उसे देखता भी नहीं है। छह दिनों से बेड पर पड़े रहने के कारण उसके शरीर से दुर्गध निकलने लगी है। स्थिति यह है कि अन्य मरीजों का वार्ड में रहना मुश्किल हो गया है। पूछे जाने पर अस्पताल उपाधीक्षक डा. राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि जितना संभव था, इलाज किया गया। दुर्घटना में घायल हुआ है और उसे सिर में गंभीर चोट लगी है। मरीज की स्थिति देख दूसरे मरीज तड़प रहे हैं परंतु स्वास्थ्य कर्मियों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। वैसे भी न जाने किसका सुहाग और किसका बेटा है यह मरीज।

असली हिन्दुस्तान फुटपाथ पर   

दाउदनगर (औरंगाबाद) :
 ठंडा के आगमन के साथ ही गरीबों को कंपकंपाती ठंड से राहत पाने की चिंता सताने लगी है। ऐसे में बुधवार को वार्ड पार्षद रवीन्द्र प्रसाद गुप्ता द्वारा जब कंबल वितरण किया गया तो कई गरीबों की उम्मीद पूरी हुई और कुछ को कंबल प्राप्त नहीं हो सका। संचालक संतोष कुमार ने इन गरीबों की स्थिति पर कहा भी कि असली हिन्दुस्तान तो फुटपाथ पर आबाद है। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष यमुना प्रसाद स्वर्णकार ने सूर्य षष्ठी व्रत और सूर्य की महिमा पर प्रकाश डाला और कहा कि गरीबों को कंबल देना महान कार्य है। इस तरह के पुण्य कार्य ही असली पूजा है। इस पर्व में जाति, समाज, और धर्म का भेद नहीं रहता। यहीं स्थिति कंबल वितरण जैसे सेवा कार्य में होती है। वंशीधर जैसे दोनों पैरों से विकलांग और जन सहयोग के कारण हृदय का इलाज करा चुके गरीब विशु जैसे निहायत जरूरतमंद गरीब, लाचार और विधवा महिलाओं को कंबल दिया गया। वार्ड पार्षद रवीन्द्र प्रसाद ने प्रत्येक वर्ष कंबल वितरण करने की घोषणा की। बसंत प्रसाद कांस्यकार, वार्ड पार्षद रामऔतार प्रसाद गांधी, त्रिपुरारी प्रसाद उपस्थित रहे।

प्रभारी करेंगे मीरपुर पंचायत में योजना की जांच

औरंगाबाद:
गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय में डीएम अभय कुमार सिंह ने जनता दरबार में 46 मामलों की सुनवाई की। गोह प्रखंड के मीरपुर पंचायत से पहुंचे संजय सिंह एवं अन्य ग्रामीणों ने मुखिया द्वारा योजनाओं में अनियमितता की शिकायत की। ग्रामीणों के आवेदन पर कार्रवाई करते हुए डीएम ने प्रखंड के वरीय प्रभारी से जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया। कब्रिस्तान घेराबंदी को लेकर पहुंचे ग्रामीणों के आवेदन पर डीएम ने कल्याण पदाधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर घेराबंदी कराने का आदेश दिया। नवीनगर के गम्हरिया गांव से पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि कब्रिस्तान घेराबंदी नहीं होने से जमीन का अतिक्रमण हो रहा है। शहर के न्यू एरिया से पहुंचे नीरज कुमार सिंह ने पाईप लाइन उखाड़े जाने से पेयजल आपूर्ति बाधित रहने की शिकायत की। डीएम ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को स्थल निरीक्षण कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया। प्रेरक चयन में अनियमितता से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों की शिकायत पर डीएम ने कार्यक्रम पदाधिकारी को जांच कर गलत चयनित हुए प्रेरकों का चयन रद करने का आदेश दिया। एडीएम प्रमोद कुमार बिहारी, डीडीसी रामनिवास पाण्डेय, डीएओ शिलाजीत सिंह, डीपीआरओ वीरेन्द्र कुमार शुक्ल, गोपनीय प्रभारी सत्येन्द्र मिश्रा, एलडीएम एमएन मिश्रा उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें