शनिवार, 5 नवंबर 2011

औरंगाबाद में आज की ताज़ा खबर ३.११.२०११

सहयोग कीजिए जारी रहेगा संघर्ष : कांग्रेस

औरंगाबाद :
शहर में बिजली सुधार का श्रेय नागरिकों ने युवा कांग्रेस नेताओं को दिया है। शहर के इस्लाम टोली मुहल्ला में शुक्रवार को समारोह आयोजित कर बिजली के लिए आंदोलन करने वाले युवा कांग्रेस नेताओं को सम्मानित किया गया। मो. अतीकुर रहमान, अधिवक्ता मेराज खां, मो. बबन, मो. शानू, मो. शहाबुद्दीन के नेतृत्व में मुहल्लावासियों ने युवा कांग्रेस के औरंगाबाद लोकसभा अध्यक्ष आनंद शंकर, मीडिया प्रभारी मो. शहनवाज उर्फ सल्लू को सम्मानित किया। कहा कि संघर्ष से बिजली की स्थिति बेहतर हुई है। समारोह में दोनों नेताओं ने कहा कि अगर आपका सहयोग इसी तरह मिलता रहा तो आगे भी अन्य मुद्दों को लेकर संघर्ष किया जाएगा। आनंद एवं सल्लू ने कहा कि शहर में समस्याओं का अंबार है जिसको ले आंदोलन किया जाएगा। सभी ने आंदोलन में सहयोग के लिए बधाई दी। समारोह में युवा कांग्रेस नेता राजू सिंह, पंकज सिंह, मुन्ना कुमार, रंजय कुमार, अभिषेक कुमार, नवलेश सिंह, बैजू पाठक, अमरेश कुमार उपस्थित रहे। कहा गया कि युवा कांग्रेस नेताओं के आंदोलन के कारण ही जसोइया ग्रिड को शीघ्र चालू किया गया।

मध्याह्न भोजन चावल के साथ दो धराए

औरंगाबाद/नवीनगर :
टंडवा थाना के प्राथमिक विद्यालय गम्हरिया के प्रधान शिक्षक सरोज कुमार सिंह, लहंग करमा गांव के राजा मिश्र के साथ मध्याह्न भोजन का चावल बेचते पकड़े गए हैं। हुआ यह कि गुरुवार शाम शिक्षक सरोज स्कूल पहुंचे और विद्यालय से तीन बोरी चावल निकालकर ले जाने लगे। बाइक पर चावल लादकर जैसे ही आगे बढ़े कि ग्रामीणों ने उन्हें खदेरना शुरू किया। ग्रामीणों ने शिक्षक एवं राजा को पकड़कर रात भर गांव के एक कमरे में बंद रखा। सूचना पुलिस को दी परंतु पुलिस गांव नहीं पहुंच सकी। सुबह भी जब पुलिस गांव नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने दोनों को थाना पहुंच सुपुर्द कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक विद्यालय में मध्याह्न भोजन नहीं बनाते हैं। चावल हमेशा बाजार में बेच देते हैं। शिकायत पर हम सभी शिक्षक के खिलाफ लगे थे कि गुरुवार शाम चावल के साथ पकड़े गए। ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत दी है। पूछे जाने पर थानाध्यक्ष युद्ध शमशेर सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों से राय ली जा रही है। अधिकारियों के आदेश के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

सहकारिता मंत्री ने किसानों को दिखाई राह

औरंगाबाद से प्रिंस कुमार :
कृषि के उन्नत तकनीक श्रीविधि से खेती कर सूबे के सहकारिता मंत्री रामाधार सिंह ने किसानों को राह दिखाई है। मंत्री एवं उनके परिजनों ने 25 एकड़ में श्रीविधि से खेतों में धान रोपनी की। खेतों में फसल अच्छी हुई है। फसल देखने दूर के गांवों से किसान मंत्री के गांव सोखेया पहुंच रहे हैं। जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) शिलाजीत सिंह ने बताया कि मंत्री के खेतों में फसल की गणना के लिए क्राप कटिंग (फसल की कटनी) कराई जाएगी। एक हेक्टेयर में उत्पादन की स्थिति क्या रही इसकी गणना होगी। बताया कि धान देखने लखनऊ एवं पटना से टीम पहुंचेगी। डीएओ की माने तो श्रीविधि तकनीक कृषि के क्षेत्र में दूसरा हरित क्रांति है। जिले में 12 हजार एकड़ भूमि में श्रीविधि तकनीक से धान की खेती की गई है। समय पर बारिश होने के कारण उपज अच्छी हुई है। डीएओ के अनुसार हसपुरा प्रखंड के अहियापुर गांव में श्रीविधि तकनीक से रोपे गए धान की क्राप कटिंग कराई गई है। उपज एक हेक्टेयर (चार बिघा) में 130 क्विंटल हुआ है। अन्य गांवों में भी स्थिति यही है। श्रीविधि की खेती देख किसान उत्साहित हैं और इस वर्ष गेहूं की खेती भी किसान इसी तकनीक से करेंगे।
क्या है श्रीविधि तकनीक
धान का सघनीकरण खेती को श्रीविधि कहते हैं। कम लागत में बेहतर उपज होती है। डीएओ के अनुसार छोटे किसानों के लिए यह तकनीक वरदान है। इस तकनीक से खेती करने पर बीज उर्वरक एवं पानी कम लगता है और उपज अधिक होती है। इस खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार एक एकड़ भूमि पर 1800 रुपए नगद, बिचड़ा, दवा एवं एक बोरा उर्वरक किसानों को मुफ्त में दे रही है।


पेट्रोल की बढ़ी कीमत पर बवाल

औरंगाबाद :
पेट्रोल की कीमत बढ़ोतरी की खबर से बवाल मचा है। स्थिति यह है कि आमजन केन्द्र सरकार को कोसते फिर रहे हैं। पेट्रोल के दाम बढ़ने से एक बार फिर आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ेंगे। महंगाई बढ़ेगी और आमजन का जीना मुश्किल होगा। प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सहकारिता मंत्री रामाधार सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार जन विरोधी है। एक वर्ष में आठ दफा पेट्रोल का दाम बढ़ाकर सरकार ने यह साबित कर दिया कि महंगाई थमने वाली नहीं है। पेट्रोल बढ़ने से महंगाई और बढ़ेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह, उपाध्यक्ष अशोक सिंह, विजय गुप्ता, सुबोध शर्मा, महामंत्री सुनील शर्मा, धीरेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष नरेश गुप्ता, कृष्णा गुप्ता पिंटू, नगर अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह राजू, मृत्युंजय सिंह ने भी पेट्रोल के दाम बढ़ने पर चिंता जाहिर किया है। कहा कि ऐसे कभी दाम नहीं बढ़ता था। बसपा के प्रदेश महासचिव कौशल कुमार सिंह, जिला महासचिव खान इमरोज ने कहा कि केन्द्र सरकार सठिया गई है। सरकार को आमजन कोई सरोकार नहीं रह गया है। पेट्रोल के बढ़े दाम ने आमजन की कमर तोड़ दी है। मध्यम वर्ग के लोगों का बाइक चढ़ना मुश्किल हो गया है। सरकार ने एक वर्ष में पेट्रोल के दाम को दुगुना कर दिया। जदयू नेता अजिताभ कुमार रिंकू, नीलमणी उर्फ टुनटुन, तेजेन्द्र कुमार सिंह ने भी पेट्रोल की बढ़ी कीमत पर आक्रोश जताया है। कहा है कि केन्द्र सरकार ने आमजन का समर्थन खो दिया है। पेट्रोल की कीमत बढ़ने से महंगाई और बढ़ जाएगी।

मुखिया समेत सात के खिलाफ प्राथमिकी

दाउदनगर (औरंगाबाद) :
मनार पंचायत मुखिया सावित्री देवी, उनके पति अशोक सिंह समेत सात ग्रामीणों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में बीडीओ राजेन्द्र शर्मा द्वारा दाउदनगर थाना में गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। गुरुवार को मनार में ग्राम विकास शिविर आयोजित करने के खिलाफ ग्रामीणों ने रेपुरा में गया- दाउदनगर सड़क जाम की थी। बीडीओ के आदेश की अवहेलना करने, चार घंटे सड़क जाम रखने, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने और जाम हटाने गए बीडीओ से लड़ाई पर उतारु होने का आरोप लगाया है। मुखिया एवं मुखिया पति के अलावा देवदतपुर के बलराम सिंह, बुलाकी बिगहा के उमेश सिंह, रेपुरा के विजय साव, कुंजी बिगहा के प्रमोद कुमार एवं जागा बिगहा के मधेश्वर सिंह तथा चालीस अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पंचायत उपचुनाव को ले बैठक

मदनपुर (औरंगाबाद) :
 प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को पंचायत उपचुनाव 2011 को लेकर बैठक संपन्न हुई। प्रमुख वीरेन्द्र रविदास की अध्यक्षता में पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक की गई। संचालन जीपीएस अरविंद राम ने की। बीडीओ मनोज कुमार दास ने बताया कि प्रखंड अंतर्गत कुल 84 पंच पद रिक्त हैं। पिपरौरा पंचायत के पंच पद के लिए वार्ड संख्या 7, वार से 4 एवं 7, एरकी कला से 4, 7, 8, 10, 11, 13, दधपी से 3,6,7, घोड़ा डिहरी से 1, 2, 8, 9, 10, 11, मनिका से 3, 4, 5, 7, 8, 10, 12, नीमा आंजन से 1, 2, 5, 6, 7, 8, 12, 13, बनिया से 1, 2, 5, 8, 9, 11, 16, महुआंवा से 7, 9, 10, 12, चेई नवादा से 3, 10, 11, 13, 14, पिरथु से 4, 10, 12, 13, पिरवां से 1, 2, 5, 6, 10, 13, सलैया से 8 एवं 9, खिरियावां से 6, 9, 10, बेरी से 1, 8, 12, 14, मदनपुर से 3, 6, 7, 8, उत्तरी उमगा से 2, 8, 9 एवं दक्षिणी उमगा से 1, 4, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 15 पद रिक्त हैं जिसके लिए नामांकन 9 से 16 नवम्बर तक की जाएगी। चुनाव 4 दिसम्बर 2011 को होगा। बैठक मे मुखिया, सरपंच, उप सरपंच, पंचायत समिति सदस्यों ने भाग लिया।

आंवला वृक्ष के नीचे भतुआ दान

ओबरा/देव (औरंगाबाद) :
 अक्षय नवमी व्रत को ले शुक्रवार को भतुआ दान के लिए आंवला वृक्ष के नीचे श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष के नीचे पूजा अर्चना कर भतुआ दान किया। माना जाता है कि अक्षय नवमी के दिन ब्राह्माण को दिया गया दान कभी निष्फल नहीं जाता है। पंडित वैजनाथ द्विवेदी एवं कमल किशोर पाण्डेय ने बताया कि अक्षय नवमी के दिन भतुआ दान करने का अलग महत्व है। जिला पार्षद नीलू देवी, पूर्व जिला पार्षद नीता देवी, शकुंतला देवी, आशा देवी, बबिता कुमारी, निर्मला कुंवर, सीमा देवी, नीतू देवी ने भतुआ दान किया। देव संवाददाता के अनुसार पतालगंगा में भतुआ दान करने के लिए पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें