रविवार, 23 अक्तूबर 2011

औरंगाबाद में आज की खबर २३.१०.२०११

औरंगाबाद में उग्र भीड़ ने वाहन फूंका

गोह (औरंगाबाद) :
गोह थाना मुख्यालय के शहीद जगतपति चौक के पास रविवार को अनियंत्रित मारुति कार ने चार बच्चों समेत सात को कुचल दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मारुति कार (बीआर2जे- 9114) को फूंक दिया। कार चालक एवं उस पर सवार यात्री किसी तरह जान बचाकर भागे। कार फूंकने के बाद उग्र लोगों ने गया-गोह रोड जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और किसी तरह मारुति में लगी आग को चौकीदारों के सहयोग से बुझाया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि करीब 2 बजे दाउदनगर की तरफ से तेज गति से आ रही मारुति ने गोह निवासी संजय रविदास, मियांपुर गांव निवासी संतोष कुमार, पुंदौल निवासी पिंटू कुमार (7 वर्ष), अर्जुन साव की पत्नी मंजू देवी (30 वर्ष), मंजू का पुत्र दीपू कुमार (3 वर्ष), चितरंजन कुमार (7 वर्ष) एवं रुबी कुमारी (5 वर्ष) को कुचल दिया। घायलों का इलाज गोह अस्पताल में चल रहा है। बच्चों को घायल देख ग्रामीण उग्र हो गए और मारुति को तोड़कर फूंक दिया। ग्रामीणों ने बताया कि संजय रविदास जूता सिलाई का कार्य करता है और वहीं सभी घायल सड़क किनारे खड़े थे। अगलगी की सूचना पर थानाध्यक्ष एनके सिंह सैप जवान एवं पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पहुंचे और हंगामा कर रहे ग्रामीणों को खदेड़ा। उसके बाद मामला शांत करा गया गोह रोड पर परिचालन शुरू कराया।



सभी वर्गो का हो रहा विकास : विधायक

मदनपुर (औरंगाबाद):
अनुग्रह उच्च विद्यालय में हरित सह सदस्यता अभियान कार्यक्रम को ले जदयू की प्रखंड स्तरीय बैठक अध्यक्ष लव कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। रफीगंज विधायक अशोक कुमार सिंह ने नीतीश कुमार के कार्यो की सराहना करते हुए कहा कि हर तबके के लोगों का विकास एवं न्याय मिल रहा है। बिहार की चमक बढ़ी है। आम आदमी अमन चैन से जी रहे हैं। भ्रष्ट पदाधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। कार्यकर्ता इमानदारीपूर्वक जनता का कार्य करें। पानी टंकी निर्माण में अनियमितता की जांच को ले विभाग को पत्र लिखा गया है। अस्पताल में 30 बेड एवं महिला चिकित्सक की व्यवस्था शीघ्र होगी। जिलाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह, संगठन प्रभारी शैलेन्द्र दूबे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने की बात कही। हरित क्रांति के अवसर पर एक एक पेड़ लगाने की कार्यकर्ताओं से अपील की तथा सदस्यता अभियान के कार्यो में तेजी लाने की बात कही। महासचिव सुरजीत कुमार सिंह, दिलीप सिंह, अनिल ठकराल, मुखिया विजय चौधरी, शिवपूजन यादव, बबलू सिंह, प्रमोद कुमार, अभय सिंह, सतीश पाठक, नंद लाल विश्वकर्मा थे।

डेंजर इलेवन विजयी

दाउदनगर (औरंगाबाद) :
आगामी 29 एवं 30 अक्टूबर को आयोजित होने वाले अंतर जिला रात्रि क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल होने के लिए जारी क्वालिफाईंग क्रिकेट मैच में डेंजर इलेवन की टीम ने शनिवार को पैक एलेवन मौलाबाग को पराजित किया। रीजु को मैन आफ द मैच घोषित किया गया। कैप्टन विशाल कुमार ने कहा कि टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रखते हैं। बंटी शर्मा, सरवर फहीम, राजीव कुमार उर्फ बबलू, पप्पू शर्मा उर्फ संतोष ने अम्पायरिंग की भूमिका निभाई। आफताब उर्फ टिंकू, संदीप तथा मुकेश ने कमेंट्री की।



टूटे फाल की अभियंताओं ने कराई मरम्मत

ओबरा (औरंगाबाद) :
प्रखंड के मनोरा रजवाहा नहर के उसरुम्भा गांव के पास स्थित टूटे फाल की मरम्मती सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने करा दी है। सहायक अभियंता प्रेमलाल, कनीय अभियंता शशिकांत प्रसाद सिंह ने बताया कि फाल की मरम्मती में चार दिन लगे। फाल टूटने के कारण डेढ़ दर्जन गांवों में सिंचाई बाधित थी। किसान परेशान थे और खेतों में धान की फसल झुलसने लगी थी। किसानों के आग्रह पर फाल की मरम्मती कराई गई है। अभियंता शशिकांत ने बताया कि टूटे फाल की पक्का जोड़ाई की गई है। किसानों की परेशानी को देखते हुए दो रात जनरेटर चलाकर कार्य कराया गया है। नहर में गुरुवार से पानी छोड़ दिया गया है। मनोरा रजवाहा नहर से पटवन होने वाली गांव में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो गई है।




चार बार चोरों ने काटी बिजली का तार

औरंगाबाद :
बेखौफ चोरों द्वारा जीटी रोड से देव जाने वाली फीडर लाइन में चार बार तार काटकर पुलिस की गश्ती दल को चुनौती दी है। विभागीय अधिकारी की लापरवाही भी उजागर हुई है। बुधवार रात्रि चोरों द्वारा खेसर गांव के पास तीन किलोमीटर में दस पोल पर टांगे गए 33 हजार केवीए का तार काट लिए जाने के बाद विभागीय अभियंता परेशान हैं। कनीय अभियंता विरेन्द्र कुमार के द्वारा थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार चोरों ने एक लोहे का पोल, 5 सिमेंट पोल, 6 इंसुलेटर, 4 क्लैप को तोड़ दिया है। विभाग को एक लाख 96 हजार रुपए की क्षति हुई है। इसके पहले भी चोरों ने लाखों रूपये का तार काट लिया है। तार काटे जाने के बाद देव में विद्युत आपूर्ति ठप है। विद्युत उपभोक्तओं में कोहराम मचा है। सहकारिता मंत्री रामाधार सिंह ने नियमित कट रहे तार को लेकर एसपी डा. सिद्धार्थ एवं डीएसपी पीएन साहु से शिकायत की। कहा कि मुफ्फसिल, देव एवं मदनपुर थाना पुलिस की लापरवाही से चोर सक्रिय हैं। तीनों थानाध्यक्ष रात्रि में गश्ती नहीं करते हैं। पास के गांवों में छापेमारी करे तो चोर गिरफ्तार होंगे। देव के उपभोक्ताओं ने बताया कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से तार काटी गई है। अगर पहली बार काटे गए तार को जोड़कर बिजली सप्लाई कर दी जाती तो चोर तीसरी बार तार नहीं काटते। बता दें कि देव में 30 अक्टूबर से कार्तिक छठ मेला शुरू हो रही है। ऐसे में बिजली की सप्लाई कैसे होगी सोचा जा सकता है। पूछे जाने पर कार्यपालक अभियंता प्रणव कुमार ने बताया कि जब चोरों को भगवान से भय नहीं है तो क्या कहा जाए। तार जोड़ने का कार्य शुरू किया गया है। पेट्रोल पम्प तक तार को जोड़ा गया है। आज सोमवार से कोक फैक्ट्री से आगे जोड़ा जाएगा। प्रयास है छठ पर्व के पहले तार को जोड़ दिया जाए।




दो बूंद दवा से पोलियो हुई हवा

औरंगाबाद :
दो बूंद दवा से पोलियो हुई हवा के नारे के साथ रविवार को रोटरी क्लब ने शहर में जागरूकता रैली निकाली। धर्मशाला चौक के पास रैली को एसीएमओ डा. रामदेव दास, रोटरी क्लब अध्यक्ष डा. शोभा रानी ने हरी झंडी दिखाई। रैली बाजार होते हुए सदर अस्पताल पहुंची। रैली में शामिल चिकित्सक डा. रविरंजन, डा. जर्नादन प्रसाद, डा. शीला वर्मा, डा. अनिल कुमार, डा. चन्द्रशेखर, डा. राकेश कुमार, डा. अनिल कुमार सिन्हा, डा. एम रहमान रोमी, डा. महेन्द्र प्रसाद, पूर्व रोटरी क्लब अध्यक्ष श्याम किशोर प्रसाद, सचिव संजय गुप्ता, खान इमरोज ने कहा कि विश्व पोलियो उन्मूलन के कगार पर है। भारत देश से भी पोलियो मिटने को है। पोलियो को विश्व से जड़ से मिटाने को रोटरी क्लब ने अभियान शुरू किया था। रोटरी इंटरनेशनल ने पोलियो अभियान के लिए पांच हजार करोड़ रुपए दान दिया था। डा. शोभा रानी ने कहा कि आज प्रभाव दिखने लगा है और विश्व से पोलियो मिटने को है। आप सभी के सहयोग से ही हम इस बड़ी सफलता को पाने में सफल रहे हैं। वैसे पोलियो का अभियान अब भी चलता रहेगा। विश्व पोलियो दिवस 24 अक्टूबर के दिन महादलित बस्ती में स्वास्थ्य कैंप लगाने की घोषणा की। कहा कि नागरिकों की स्वास्थ्य जांच कर मुफ्त दवा दी जाएगी। रैली में महावीर जैन, सुभाष त्रिवेदी, सिद्धेश्वर विद्यार्थी, मनीष पाठक, इं. कमलेश सिंह, पंकज वर्मा, राजीव गुप्ता, शिक्षक नेता उमेश सिंह, जयनंदन पाण्डेय, रमेश कुमार, रामऔतार प्रसाद, इरफान अहमद, सल्लू खान, चुलबुल सिंह, पंकज कुमार समेत गणमान्य शामिल थे।




बाजार में भाकपा ने किया प्रदर्शन

नवीनगर (औरंगाबाद) :
 दो दिनों से चल रहा भाकपा का अंचल सम्मेलन रविवार को संपन्न हो गया। शनिवार को नेताओं ने दुर्गा चौक से प्रदर्शन निकाली जो मंगल बाजार होते बस स्टैंड पहुंच आम सभा में तब्दील हो गई। प्रदर्शन में शामिल नेता जो सरकार निकम्मी है वो सरकार बदलनी है, नीतीश सरकार मुर्दाबाद, महंगाई पर रोक लगाओ, भ्रष्टाचार मिटाना है, भाकपा पार्टी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। आम सभा का संचालन का. अखिलेश सिंह ने किया। मंच पर वयोवृद्ध का. रामनारायण सिंह ने शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व विधायक का. रामचन्द्र सिंह यादव, का. जगनारायण सिंह, रामनंदन सिंह, यमुना सिंह, इरफान अहमद ने संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार महंगाई रोकने में विफल रही है। बिहार में जंगल राज की स्थिति बन गई है। भाकपा एक ऐसी पार्टी है जो गरीबों की रहनुमा बन सकती है। आम सभा के बाद 25 सदस्यीय कमिटी का गठन कर अखिलेश सिंह को अंचल मंत्री चुना गया।




विशेष राज्य का दर्जा की मांग हमारा हक : शम्भू

औरंगाबाद :

बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग बिहारियों की हक है। रविवार को जदयू के प्रदेश प्रवक्ता शम्भू नाथ सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य का सर्वागीण विकास चाहते हैं। यह तभी होगा जब केन्द्र सरकार विशेष राज्य का दर्जा दे। बिहार के विकास बिना देश के विकास की परिकल्पना बेकार है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि केन्द्र सरकार की उपेक्षा पूर्ण नीति के कारण केन्द्रीय योजनाओं की प्रगति धीमी है। मुख्यमंत्री अपने प्रयास से योजनाओं में गति देने का कार्य कर रहे हैं। विकास में तेजी लाने के लिए विशेष राज्य का दर्जा के साथ विशेष पैकेज की मांग की। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बिजली के अलावा आधारभुत संरचनाओं के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि आज राज्य की पहचान पूरे विश्व में बनी है। विदेशों से लोग बदलाव देखने बिहार पहुंच रहे हैं। कम समय में तेजी से हो रहे विकास पर दूसरे राज्यों में शोध चल रहा है।




आधुनिक तरीके से खेती करें किसान : डीडीसी

औरंगाबाद :
शहर के गेट स्कूल मैदान में रविवार को दो दिवसीय कृषि यांत्रिकरण मेला का उद्घाटन डीडीसी रामनिवास पाण्डेय, डीएओ शिलाजीत सिंह एवं कनीय पौधा सरंक्षण पदाधिकारी सतीश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर की। किसानों को संबोधित करते डीडीसी ने कहा कि आधुनिक तरीके से खेती करें तभी लाभ होगा। मेला में सौर ऊर्जा से चल रहे पंप एवं धान काटने वाली बाइंडिंग रिपर मशीन को देखा। कहा कि जैविक खाद के उपयोग से ही उपज बढ़ाई जा सकती है। किसानों से मेला में कृषि यांत्रिकरण पर मिल रही छूट का लाभ उठाने की बात कही। डीएओ ने कहा कि किसान जीरो टिलेज मशीन, रोटा बेटर एवं श्रीविधि से खेती कर उपज बढ़ा सकते हैं। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि दो दिवसीय मेला किसानों को कृषि यंत्र देने के लिए लगाया गया है। बाइंडिंग रिपर मशीन का चर्चा करते हुए कहा कि इस मशीन से किसान एक दिन में आठ एकड़ में लगी धान की फसल काट सकते हैं। मशीन से किसानों को फायदा होगी। कृषि वैज्ञानिक डा. राजीव सिंह, जिला उद्यान पदाधिकारी विजय कुमार पंडित ने किसानों को खेती के तरीके बताए। कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी सतीश ने धान में लग रहे कीट में कौन सा दवा प्रयोग करें इसकी जानकारी दी। किसानों से पूछा कि धान में किस तरह के कीट लगे हैं। बीएओ, एसएमएस एवं किसान सलाहकार उपस्थित रहे।




परिक्ष्यमान उपसमाहर्ता के सम्मान में विदाई समारोह

मदनपुर/ओबरा (औरंगाबाद) :
 मदनपुर के परिक्ष्यमान उपसमाहर्ता सह बीडीओ कुमारी अनुपम सिंह एवं ओबरा के संजय कुमार सिंह के सम्मान में रविवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में समारोह आयोजित की गई। अध्यक्षता सीओ अशोक कुमार एवं संचालन राजस्व कर्मचारी रामलखन सिंह ने किया। मदनपुर में जिला पार्षद प्रफुल्ल कुमार सिंह, प्रमुख वीरेन्द्र रविदास, बीडीओ मनोज कुमार दास, उपप्रमुख रमेन्द्र कुमार सिंह, डीओ दिलीप रजक, पीओ अभिषेक कुमार, पंचायत समिति प्रतिनिधि रत्नेश कुमार, लालदेव यादव ने बीडीओ के कार्यो की सराहना की। कहा कि प्रशिक्षु बीडीओ के रूप में चार माह में मदनपुर प्रखंड के विकास एवं आम जनता के साथ सौहार्द पूर्ण वातावरण में किए गए कार्य भुलाए नहीं जा सकते। बीडीओ अनुपम ने कहा कि आपने जो हमें सम्मान दिया है उसे भुला नहीं सकते। सभी के सहयोग से ही हम कार्य करने में सफल रहे हैं। मुखिया विजय चौधरी, कुमेर प्रसाद, कमला प्रसाद, राजेन्द्र प्रसाद उपस्थित थे।
ओबरा संवाददाता के अनुसार परिक्ष्यमान उपसमाहर्ता के सम्मान में आयोजित समारोह की अध्यक्षता बीडीओ देवेन्द्र कुमार प्रभाकर ने की। संचालन कृषि पदाधिकारी ललित किशोर चौबे ने किया। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार, सुदेश पाठक, एलईओ सुषमा रानी, सीओ शिवेन्द्र कुमार, मुखिया संघ अध्यक्ष रामनरेश सिंह, सोनहुली पंचायत समिति नरेश सिंह, पूर्व उपप्रमुख पप्पू पाण्डेय, रवि शर्मा, अम्बुज शर्मा ने बीडीओ के कार्यो की सराहना की। प्रशिक्षु बीडीओ संजय ने कहा कि यहां के सभी लोग अच्छे हैं। कर्मचारियों एवं जन प्रतिनिधियों को सहयोग के लिए बधाई दी। कहा कि आप सबों ने जो सहयोग किया है वह काबिलेतारीफ है। संबोधन के क्रम में बीडीओ की आंखें डबडबा गई।




रात्रि में गिरफ्तार जिला पार्षद गए जेल

हसपुरा (औरंगाबाद) : 
बिजली के लिए ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन व तोड़फोड़ करने के डेढ़ माह पुराने मामले में पुलिस ने शनिवार रात्रि जिला पार्षद दिनेश कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पार्षद को रविवार को जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि डेढ़ माह पहले हसपुरा में बिजली के लिए प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन के दौरान जिला पार्षद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय में तोड़फोड़ की थी। इसी मामले में जिला पार्षद की तलाश पुलिस कर रही थी। उधर भाजपा नेता विजय कुमार अकेला ने जिला पार्षद के गिरफ्तारी की निंदा की है। कहा है कि रात्रि 10 बजे जिला पार्षद की गिरफ्तारी कहीं से न्यायोचित नहीं है। पुलिस ने प्रतिष्ठित जनप्रतिनिधि को प्रतिष्ठा गिराने की नियत से कार्रवाई की है।



विवि टीम ने किया बीएड कालेज का निरीक्षण

दाउदनगर (औरंगाबाद) :
 मगध विश्वविद्यालय के रजिस्टार डा. डीके राय ने कहा कि शिक्षा ऐसा प्रकाश है जिसे जहां तक ले जाएंगे अंधेरा दूर होगा। इससे बड़ी कोई चीज नहीं। यह हमारे विजन को विकसित करता है, दृष्टिकोण बदलता और बनाता है। कहा कि राज्य की यह ट्रेजडी है कि पुराने ट्रेंड टीचर रिटायर्ड हो रहे हैं और नए मिल नहीं रहे हैं। क्वालिटी एजूकेशन की बात कही जाती है, यह बड़ी चीज है जो मिल नहीं रही है। रविवार को भगवान प्रसाद शिवनाथ प्रसाद बीएड कालेज का निरीक्षण करने आए डा. राय ने कहा कि बिहार में मात्र 60 बीएड कालेज हैं जबकि प्रत्येक वर्ष वर्तमान स्थिति के अनुसार न्यूनतम तीस हजार प्रशिक्षित शिक्षक चाहिए। कहा कि बिहार को अभी तीन हजार बीएड कालेजों की जरूरत है। बताया कि इस कालेज को एनसीटीई द्वारा मान्यता दी गई है। यह तमाम अर्हताएं पुरी करता है। मगध विश्वविद्यालय से सम्बद्धता प्राप्त होनी तय है। कहा कि पुस्तकालय, भवन, लैब, समृद्ध है। मगध विश्वविद्यालय के इंसपेक्टर आफ कालेज आर्ट एंड कामर्स डा. जयराम प्रसाद तथा पटना विश्वविद्यालय के पटना ट्रेनिंग कालेज के प्राचार्य डा. खगेन्द्र कुमार निरीक्षी टीम में शामिल थे। कालेज की प्राचार्या डा. सारिका राय, अध्यक्ष भगवान प्रसाद, सचिव डा. प्रकाश चन्द्रा एवं अन्य कालेज कर्मी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें