रविवार, 16 अक्तूबर 2011

औरंगाबाद में आज की ताजा खबर १६.१०.२०११

गैस से चल रही वाहनों की होगी धरपकड़

औरंगाबाद:
समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में शनिवार को डीएम अभय कुमार सिंह ने आपूर्ति की बैठक किया। खाद्यान्न वितरण की समीक्षा के दौरान डीएम ने एसडीओ, जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को दीपावली के पहले अन्नपूर्णा योजना का खाद्यान्न वितरण करने का आदेश दिया। राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक को खाद्यान्नों का उठाव समय पर करने की बात कही। पंचायत स्तरीय निगरानी समिति की बैठक कराने पर बल देते हुए डीएम ने कहा कि अगले माह तक सभी पंचायतों में इसकी बैठक की जाए। रसोई गैस से चल रही वाहनों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाने का आदेश एसडीओ को मिला। कहा कि अभियान चलाकर वाहन व होटल मालिक पकड़ें। मध्याह्न भोजन प्रभारी सुधीर कुमार को खाद्यान्न की गुणवत्ता पर ध्यान देने का आदेश दिया। एसडीओ कुमार देवेन्द्र प्रोज्ज्वल, दाउदनगर एसडीओ कमल नयन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजेश कुमार के अलावा सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं गोदाम प्रबंधक मौजूद थे।


टीपीसी एरिया कमांडर गिरफ्तार

औरंगाबाद:
बारुण थाना पुलिस ने रविवार को बगनाहा गांव में छापेमारी कर नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुत कमिटी (टीपीसी) के एरिया कमांडर जवाहर राम को गिरफ्तार किया है। जवाहर की तलाश पुलिस ट्रेन जलाने मामले समेत छह मामलों में कर रही थी। एसडीपीओ संजय कुमार ने बताया कि माली थाना के बड़की सलैया गांव निवासी जवाहर के खिलाफ माली में 3, नवीनगर में 2 एवं कुटुम्बा में एक प्राथमिकी दर्ज है। अंकोरहा स्टेशन पर जवाहर के नेतृत्व में ट्रेन जलाया गया था। बताया कि छह माह पहले कुटुम्बा थाना क्षेत्र के दो गांवों में छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार बरामद की गई थी। जवाहर उस समय पुलिस को देख फरार हो गया था। जवाहर की गिरफ्तारी पुलिस के लिए उल्लेखनीय सफलता मानी जा रही है।



चंदा के रुपए से बन रहा बांध

ओबरा (औरंगाबाद):
 भरूब पंचायत के हरदन बिगहा गांव के पास स्थित क्षतिग्रस्त चौरा बांध का निर्माण ग्रामीणों के सहयोग से किया जा रहा है। बांध टूटने से परेशान ग्रामीणों ने बताया कि बांध निर्माण में 75 हजार रुपए से अधिक की राशि खर्च होगी। महुआंव पंचायत मुखिया चन्द्रशेखर सिंह, मलवां मुखिया पुष्पा देवी, ग्रामीण उमेश वर्मा, रामचन्द्र सिंह, सूर्यदेव प्रसाद वर्मा, महेन्द्र शर्मा, बिजेन्द्र शर्मा, परमा शर्मा, अतुल शर्मा, विजय शर्मा, सेवक सिंह, कपिल मिस्त्री, रवीन्द्र चन्द्रवंशी ने बताया कि हम चंदा के रुपए से बांध का निर्माण कर रहे हैं। बाढ़ के पानी से बांध क्षतिग्रस्त हो गया था जिस कारण मलवां, डिहुरी, बिछहां, होलीचक, मोखतियारपुर, बंधु बिगहा, पोखठा समेत डेढ़ दर्जन गांवों में पटवन की समस्या उत्पन्न हो गई है। बारिश नहीं होने से धान का पटवन आवश्यक हो गया है। पानी के अभाव में खेतों में धान की फसलें झुलस रही है। बांध निर्माण के लिए गांव में चंदा की गई है और सभी गांव के ग्रामीणों ने सहयोग दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि बांध निर्माण के लिए अधिकारियों से गुहार लगाते थक गया परंतु निर्माण नहीं हो सका।



पंचायत सचिव ने मुखिया पर दर्ज की प्राथमिकी

बारुण (औरंगाबाद):
धमनी पंचायत के सचिव शिवबचन राम ने मुखिया रंजू देवी, पति सह लोजपा प्रखंड अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह के खिलाफ बारुण थाना में रविवार को प्राथमिकी दर्ज कराया है। कहा है कि 13 अक्टूबर को मुखिया पति ने एक लाख रुपए का चेक काटने को कहा। सचिव ने जब कार्यकारिणी समिति में पास होने पर चेक काटने की बात कही तो मुखिया पति ने गाली देते हुए सचिव की पिटाई कर दी। जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए देख लेने की धमकी दी। सचिव ने बीडीओ को सूचना दी तो बीडीओ ने अपने पत्रांक 1791 से प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस ने भादसं की धारा 341, 323, 384, 504 एवं दलित अत्याचार अधिनियम के तहत कांड संख्या 232/11 दर्ज की है। थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है।



डीएम ने की सिंचाई की बैठक

औरंगाबाद:
डीएम अभय कुमार सिंह ने समाहरणालय में सिंचाई के अधिकारियों के साथ बैठक की। किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का आदेश दिया। कहा कि नहर के बिंदू 95, 103, 124 एवं 143 पर गेट को फ्री रखा जाए। अधीक्षण अभियंता एवं प्रमण्डलों के कार्यपालक अभियंता को नहर का पानी बर्बाद न होने के लिए नहरों का निरीक्षण करने की बात कही। कहा कि पानी बर्बाद नहीं होने से एक क्यूसेक पानी से एक सौ एकड़ का पटवन हो सकता है। कहा कि अगले चार दिनों तक कोयल नहर को 570 से 580 क्यूसेक पानी उपलब्ध होना चाहिए तभी सभी किसानों के खेतों तक पानी पहुंचेगी। कहा कि जो अभियंता अनुपस्थित रहेंगे और कार्य नहीं करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए सरकार को पत्र लिखा जाएगा। खरीफ फसल की सिंचाई के लिए अभियंताओं को मुस्तैद रहने की बात कही।



सरपंच संघ की अध्यक्ष बनी श्रृंगारी

औरंगाबाद:
शहर स्थित धर्मशाला में रविवार को जिला सरपंच संघ का गठन किया गया। जिले के पंचायतों से सरपंच जुटे थे। सर्वसम्मत प्रस्ताव के द्वारा पोईवां पंचायत की सरपंच श्रृंगारी देवी को अध्यक्ष बनाया गया। ओरा पंचायत सरपंच शिवकुमार राम सचिव एवं कुरम्हा पंचायत सरपंच श्यामपरी देवी कोषाध्यक्ष चुनी गई। पोईवां सरपंच के पति रवीन्द्र कुमार सिंह मीडिया प्रभारी बनाए गए हैं। तेलहारा सरपंच विजय ठाकुर, देव की ममता देवी, सोरी के रंजीत पासवान, खजुरी पाण्डु की सावित्री देवी, बेला के रघुनाथ राम एवं नौगढ़ के रामा पासवान संयुक्त सचिव बनाए गए हैं। इब्राहिमपुर सरपंच सरस्वती देवी, बेलाई के राजू कुमार सिंह, बैरिया के मधु देवी, एरौरा की निर्मला देवी, खैरामिर्जा के योगेन्द्र सिंह, बलार के रामएकबाल सिंह उपाध्यक्ष बने हैं। फेसर के मुन्ना सिंह अनुशासनिक पदाधिकारी बनाए गए हैं। प्रेमचन्द्र कुमार, अखिलेश कुमार समेत पन्द्रह सदस्य बने हैं। कमिटी गठन के बाद सरपंच एवं पंचों ने एकजुटता का परिचय देते हुए हक एवं अधिकार के लिए आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया। प्रशिक्षण देने की मांग की गई। संघ ने कहा कि अभी तक पुराने सरपंचों ने नव निर्वाचित सरपंचों को प्रभार नहीं दिया है जिस कारण ग्राम कचहरी के संचालन परेशानी हो रही है। बकाया राशि शीघ्र भुगतान करने की मांग की गई। निर्णय लिया गया कि जब तक मांगे पुरी नहीं होगी न्याय मित्र एवं सचिवों का मानदेय भुगतान नहीं किया जाएगा।



संतन सिंह के परिजनों से मिले सहकारिता मंत्री

औरंगाबाद:
सहकारिता मंत्री रामाधार सिंह रविवार को बड़ेम गांव पहुंचे और संतन सिंह के परिजनों से भेंट की। उन्हें ढाढस बंधाया और गांव में पुलिस पिकेट स्थापित करने की मांग पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि संतन बाबू हमेशा गरीबों की लड़ाई लड़ते रहे। उन्होंने समाज सेवा में जो अग्रणी भूमिका निभाई है उसे भुलाया नहीं जा सकता। मंत्री ने हत्या में आरोपित दोषियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई करने की बात कही। मंत्री के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह, महामंत्री सुरेन्द्र गुप्ता उपस्थित थे। उधर राजद नेता विनय प्रसाद, पूर्व जिला पार्षद नीता देवी एवं ओबरा के पूर्व मुखिया शंभू प्रसाद ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। घटना की जानकारी ली और शंभू ने कहा कि प्रशासन परिवार को सुरक्षा दे। हत्या के बाद से ग्रामीण एवं परिवार के लोग दहशत में हैं। शंभू ने कहा कि संतन बाबू ने सामाजिक जीवन में जो उल्लेखनीय कार्य किया है उसे भुलाया नहीं जा सकता।


आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण

मदनपुर/ओबरा (औरंगाबाद) : मदनपुर एवं ओबरा प्रखंड के गांवों में अधिकारियों ने शनिवार को आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। डीपीओ जय शंकर प्रसाद टेक होम राशन वितरण नहीं करने वाले सेविकाओं पर कार्रवाई करने की बात कही। ओबरा संवाददाता के अनुसार प्रखंड के सरसौली, उब एवं ओबरा के कई आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण वरीय उप समाहर्ता सह प्रभारी किशोर कुमार ने किया। टेक होम राशन वितरण की समीक्षा की। कहा कि कुछ केन्द्रों पर गड़बड़ी मिली है उन्हें गलती सुधारने का आदेश दिया गया है। केन्द्रों का निरीक्षण नियमित किया जाएगा। टेक होम राशन वितरण नहीं करने पर सेविका की नौकरी बर्खास्त की जाएगी।



न्याय मित्र व सचिवों के घर होगी खुशहाली

औरंगाबाद:
मायूसी के दिन झेल रहे ग्राम कचहरी के न्याय मित्र एवं सचिवों के घर खुशहाली आने वाली है। दीपावली के पहले इन्हें मानदेय का भुगतान किया जाएगा। डीएम ने सभी बीडीओ को राशि आवंटित कर दी है। देव बीडीओ को पांच लाख पच्चीस हजार सात सौ नब्बे रूपये उपलब्ध कराया गया है। बीडीओ ने बताया कि पवई, खरकनी, हसौली, इसरौर, बेढ़ना, देव, पूर्वी केताकी, पश्चिमी केताकी, दुलारे एवं सरगावा ग्राम कचहरी के न्याय मित्रों के लिए 22500 की दर से 2 लाख 25 हजार रूपया दी गई है। इसी तरह सचिवों के मानदेय के लिए 20 हजार रूपये की दर से 3 लाख 790 रूपये आवंटित किया गया है। केवल पश्चिमी केताकी के सचिव के लिए 790 रूपये उपलब्ध हुआ है। बसडिहा, बेढ़नी, एरौरा, भवानीपुर, बनुआं एवं बरण्डा रामपुर ग्राम कचहरी के न्याय मित्रों को मानदेय की राशि उपलब्ध नहीं हुई है। दीपावली के पहले प्राप्त राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।



विजेता छात्रों को मिला पुरस्कार

हसपुरा (औरंगाबाद) :
अमझर शरीफ के भलुआर मुहल्ला में रविवार को लक्की कान्टेस्ट प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को समारोह आयोजित कर पुरस्कृत किया गया। संचालन सचिव सरफराज आलम ने किया। प्रथम पुरस्कार कनाप गांव के गणेश कुमार को, द्वितीय मुस्लिमाबाद के सुलताना खातून, तृतीय राजू आलम को दिया गया। 450 को सांत्वना पुरस्कार मिला। बीडीओ ओमप्रकाश पाठक ने शिक्षा में सुधार हेतु प्रतियोगिता को कारगर बताया। कहा कि ऐसे आयोजन से छात्रों में पढ़ने की ललक जगती है। निदेशक जफर अंसारी को धन्यवाद दिया। जिला पार्षद दिनेश कुशवाहा, मुखिया मोईन अंसारी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष चन्द्रेश पटेल, डा. फैज अहमद, पंसस शोभा देवी, मानदीप चौधरी ने संस्था के कार्य की प्रशंसा की। निदेशक जफर अंसारी, अध्यक्ष फैयाज अहमद, शाहजहां अंसारी, जनेश्वर चौधरी, उपमुखिया रामविलास यादव, ललन पंडित ने कहा कि शैक्षणिक प्रतियोगिता से बच्चों के प्रतिभा में निखार आता है। हेना तबसुन, सुलताना ने स्वागत गीत गाया। शकील अहमद, राजीव, जीआउलाह, लाल बाबू, दानीश उपस्थित रहे।



मांगों को ले शिक्षकों ने दिया धरना

नवीनगर (औरंगाबाद) :
मध्य विद्यालय परिसर स्थित बीआरसी कार्यालय के समक्ष शनिवार को नगर पंचायत प्रारंभिक शिक्षक संघ के बैनर तले प्रखंड एवं पंचायत शिक्षकों ने धरना दिया। अध्यक्षता अध्यक्ष संतोष सिंह एवं संचालन सचिव धनंजय सिंह ने किया। अध्यक्ष एवं सचिव ने बीआरसी कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार दूर करने की मांग की। कहा कि बीईओ कार्यालय में नहीं बैठते हैं जिस कारण शिक्षकों को परेशानी होती है। सेवा पुस्तिका का संधारण करने, एसीडीसी बिल मामले में दर्ज प्राथमिकी वापस लेने, डीसीई एवं दक्षता उर्तीण शिक्षकों को प्रशिक्षित मानदेय का भुगतान करने, मृत शिक्षकों एवं अनुकंपा के आधार पर बहाल शिक्षकों को वेतन देने की मांग की। मध्याहन भोजन का चावल कम रहने पर सवाल उठाया। कहा कि लूट कर लोग खा रहे हैं। शिक्षक कुमार धर्मेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र कुमार सिंह, गीता कुमारी, श्वेता कुमारी, रिंकु कुमारी, नीलू कुमारी, धर्मवीर कुमार, अरुण कुमार मिश्रा, उपेन्द्र कुमार, धीरेन्द्र कुमार, प्रमेन्द्र कुमार, आनंद कुमार, लालमोहन पासवान, मयंक तिवारी उपस्थित थे।
























कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें