गुरुवार, 27 अक्तूबर 2011

औरंगाबाद में आज की खबर २७.१०.२०११

जेल में छापेमारी, मोबाइल बरामद

औरंगाबाद 

मंडल कारा में बुधवार को जेल अधीक्षक के नेतृत्व में छापेमारी की गई। बीएमपी जवानों के साथ जेल अधिकारियों ने सभी वार्डो एवं शौचालय की तलाशी ली। कैदियों के बैग व थैले की जांच की गई। वार्ड नंबर 4 के शौचालय से एक मोबाइल, बैट्री चार्जर बरामद किया गया। जेल कर्मी रामबचन सिंह के बयान पर अज्ञात बंदियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में भादसं की धारा 414, 453 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। बताते चलें कि जेल में बंदियों के पास मोबाइल रहती है। मोबाइल से वे आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। अपने सगे संबंधी व अपराधियों से बात करते हैं। इससे पहले भी छापेमारी में जेल से मोबाइल बरामद की गई थी।


अनार बम विस्फोट में दो दर्जन घायल

औरंगाबाद :
 दीपों का त्यौहार दीवाली में पटाखा फोड़ने के दौरान अनार फुलझरी विस्फोट होने लगा। लोगों ने फुलझरी समझ अनार की खरीदारी की परंतु ऐसा नहीं हुआ। फुलझरी अनार विस्फोट करने लगा। बाजार में जो अनार फुलझरी आया वह विस्फोट वाला था। पटाखा विस्फोट में दो दर्जन से अधिक ग्रामीण एवं नागरिक घायल हो गए। अनार फुलझरी विस्फोट से घायल हुए शाहपुर मुहल्ला अरुण कुमार एवं सत्येन्द्र नगर निवासी रोहित कुमार ने बताया कि हम सभी ने फुलझरी समझकर इसकी खरीदारी की थी। बच्चों के साथ पटाखा छोड़ रहा था कि घायल हो गया। बच्चे भी जख्मी हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। आशंका है कि बम निर्माण में गड़बड़ी हुई जिस कारण यह घटना घटी। अस्पताल के चिकित्सकों की माने तो फुलझरी में विस्फोट बारुद भरा गया जिस कारण विस्फोट किया। 



दीये की रोशनी में नहाया शहर व गांव

औरंगाबाद :
 भक्तिमय माहौल में ज्योति पर्व दीवाली संपन्न हो गया। दीये की रोशनी से शहर एवं गांव गुलजार रहा। रात भर दुधिया रोशनी की छटा पूरे शहर में दिखी। लोग अपने घरों को पहले से सजा रखे थे। शाम होते ही रोशनी की चकाचौंध में आंखें जगमगा उठी। पूरी रात पटाखों की गूंज सुनाई देती रही। बच्चों के बीच फूलझरी एवं आसमान तारा पटाखा लोकप्रिय रहे। शाम होते ही बच्चों ने जब पटाखा फोड़ना शुरू किया, जो देर रात तक सिलसिला चलता रहा। व्यवसायियों ने अपनी दुकानें सजाकर पूजा अर्चना की। शहर में सुबह तक पूजा का दौर चलता रहा। शाम 6.52 बजे से जो पूजा का सिलसिला शुरू हुआ वह रात भर चला। घर एवं मंदिरों में दीप की रोशनी जलाकर लोगों ने दीपोत्सव पर्व मनाया। घर में पूजा के बाद छत एवं घर के बाहर लोगों ने दीप जलाया। शहर में पुलिस से लुक छिपकर जुआ का दौर चलता रहा। पुलिस सक्रिय दिखी परंतु जुआरी तेज निकले। गोह एवं ओबरा संवाददाता के अनुसार दीवाली पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। व्यवसायिक संघ गोह द्वारा जगतपति चौक पर स्थापित प्रतिमा तथा भ्रष्टाचार के विरोध में निर्मित अन्ना हजारे का पंडाल, गाड़ी जलाए जाने का दृश्य ग्रामीणों के बीच सुर्खियों में रहा। ओबरा के बेल रोड, दुर्गा चौक रोड में पूजा की धूम रही। डा. एसएन बसू, पूर्व मुखिया शंभू प्रसाद, विजय कुमार सौंडिक, गोविंद अग्रवाल, विनय प्रसाद, पंडित कमल किशोर पाण्डेय ने पूजा के बाद मिठाईयां बांटी। बच्चों ने घर में घरौंदा की पूजा की। मदनपुर संवाददाता के अनुसार दीपों का पर्व दीपावली आस्था एवं विश्वास के साथ संपन्न हो गया। व्यवसायी वर्ग के लोगों ने देर रात तक लक्ष्मी गणेश की पूजा अर्चना की। अम्बा संवाददाता के अनुसार दीवाली बुधवार को ग्रामीणों ने मिठाइयां व पूजा से संबंधित सामान खरीदे।



बंजर जमीनों से उपजाया जा रहा सोना

दाउदनगर (औरंगाबाद):
 इंसान अगर चाह ले तो जोर लगाकर पत्थर को पानी बना देता है। इसे साबित किया है कनाप के अमृतनगर, कंचननगर, जगदेव नगर तथा फतेगंज के किसानों ने। कभी खर पतवार और काशी कुश के जंगल के रूप में स्थापित जमीनों को पूर्वजों ने काटकर समतल किया था आज इसे 'कोड़ार' में किसानों ने तब्दील कर दिया और हरी सब्जियों के रूप में सोना उपजा रहे हैं। एसएमएस संजय कुमार ने बताया कि यहां के किसान काफी परिश्रम कर रहे हैं। परिवार के सभी सदस्य चाहे वो औरत हो या बच्चे खेती में संलग्न रहते हैं। इन्हें आधुनिक तकनीक की जानकारी भी दी जा रही है ताकि उनका वे लाभ ले सकें। बुजुर्ग किसान रामचन्द्र महतो, जनार्दन महतो और काली महतो ने बताया कि यह स्थान कभी जंगल हुआ करता था जिसे मेहनत से खेत बनाया। लाठाकुड़ी तथा रेहट का प्रयोग कर उसे बेहतर बनाया। सात फीट की मात्र गहराई पर पानी मिल जाता है। किसानों ने बताया कि पूरे साल कोई न कोई हरी सब्जी का उत्पादन कर लेते हैं। आलू, गोभी, बैगन, मूली, प्याज, नेनुआ, बोदी का उत्पादन कर उसे हसपुरा और दाउदनगर के बाजारों में बेचा जाता है। कंदा और कोपल गया और पटना भेजा जाता है। शकरकंद, सुथनी, हल्दी, अदरख भी उपजाया जाता है। धान कटने के बाद ककड़ी, खीरा, तरबुज, पैदा किया जाता है जो झारखंड के झरिया, धनबाद, रामगढ़ के बाजारों तक जाता है। बताया गया कि अगर सिंचाई हेतु ड्रिप पद्धति एवं स्प्रींकलर अपनाने, कीट नाशकों की जगह समेकित कीट प्रबंधन को अपनाने, भंडारण और पैकेजिंग की जानकारी रखने किसान और अधिक समृद्ध बन सकते हैं।




ट्रक से कुचलकर युवक मरा, सड़क जाम

रफीगंज (औरंगाबाद) :
 शिवगंज रफीगंज मुख्य सड़क पर बुधवार शाम नीमा बाजित गांव के पास ट्रक (एनएच01- 3133) से कुचलकर आनंद रविदास (18 वर्ष) की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीण मृतक के परिजन को मुआवजा देने एवं सड़क पर गति अवरोधक बनाने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ लिया और टायर का हवा निकाल हंगामा किया। ग्रामीणों ने चालक फरीउदीन को कब्जे में कर लिया। जाम की सूचना पर पुलिस पहुंची। ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाया। शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण करा परिजनों को सौंप दिया। घटना की सूचना पर ट्रक मालिक वाजितपुर गांव पहुंचे और मुआवजा दिए जाने की घोषणा की। मुआवजा के आश्वासन के बाद ग्रामीण सड़क से हटे तब जाकर परिचालन शुरू हुआ। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। बताया जाता है कि ट्रक शेरघाटी निवासी सोनू मिस्त्री की थी जो सामान लेकर रफीगंज जा रही थी कि रास्ते में यह दुर्घटना घटी।


अद्वितीय है भैया दूज पर्व : आचार्य

औरंगाबाद 
कार्तिक शुक्ल द्वितीया तिथि को यम द्वितीय पर्व या भैया दूज पर्व कहते हैं। आचार्य लाल भूषण मिश्र के अनुसार इस तिथि को यमुना स्नान, यमराज का पूजन एवं बहन के घर भोजन से यम यातना नहीं होती है। इस तिथि को सूर्य की पुत्री यमुना ने अपने सहोदर भाई यमराज को ललाट में तिलक लगाकर विविध भोजन करा आदर सत्कार किया था। यमराज ने बहन यमुना को वस्त्र आदि समर्पित किया था यमराज द्वारा वरदान मांगने का अनुरोध करने पर यमुना ने वरदान मांगा की भैया दूज को जो भी भाई अपने बहन के घर जाकर आतिथ्य ग्रहण करे एवं बहन को वस्त्र समर्पित करे उसे यमराज का भय न हो। इस तिथि को यमुना नदी में स्नान करने वाले को यमलोक जाना न पड़े। आचार्य के अनुसार यमराज की बहन यमुना जल के स्वरूप में मथुरा एवं वृंदावन से होकर आगे बढ़ी है। मथुरा के विश्राम घाट पर भाई बहन के यमुना में स्नान करने से यमराज से मुक्ति प्राप्त होती है। आज शुक्रवार को भैया दूज पर बहनें गोधन कुटेंगी।



साम्प्रदायिकता भड़काने का मिला इनाम

औरंगाबाद से प्रिन्स कुमार 
ढिबरा थानाध्यक्ष रहे असगर इमाम को एसपी डा. सिद्धार्थ ने साम्प्रदायिकता भड़काने का इनाम दिया है। बुधवार को वे ओबरा थानाध्यक्ष बनाए गए हैं। असगर ने 25 सितम्बर को ढिबरा में साम्प्रदायिकता सौहार्द भड़काया था। मां दुर्गा के पूजा पंडाल में बज रही माइक को बंद करा पंडित एवं आयोजकों को गाली गलौज किया था। थानाध्यक्ष के इस व्यवहार के बाद ढिबरा के ग्रामीणों ने थाना का घेराव कर प्रदर्शन किया था। थानाध्यक्ष का पुतला फूंक विरोध जताया था। सूचना पर एसपी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ ढिबरा पहुंचे थे। इंसपेक्टर तेज नारायण विश्वास से मामले की जांच करा थानाध्यक्ष को निलंबित किया था। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए एसपी थानाध्यक्ष को साथ लेकर औरंगाबाद पहुंचे थे। उस समय ग्रामीण इतना उग्र थे कि थानाध्यक्ष को थाना से नहीं निकलने दे रहे थे। इससे पहले कासमा में भी थानाध्यक्ष ने थाना परिसर स्थित मंदिर में पूजा करने पर रोक लगा दी थी। एक माह भी नहीं बीते कि थानाध्यक्ष का निलंबन वापस लेते हुए एसपी ने ओबरा का थानाध्यक्ष बना दिया। इससे पहले छोटे मामलों में निलंबित हुए उपहारा थानाध्यक्ष सुरेश यादव एवं हसपुरा थानाध्यक्ष सुरेन्द्र साहनी लाइन का शोभा बढ़ा रहे हैं। 25 सितम्बर की शाम ओबरा थाना मुख्यालय में काली मंदिर के पास बभण्डीहा पंचायत मुखिया मो. आरिफ खान की अपराधियों ने गोली मार हत्या कर दी थी। मुखिया की हत्या के बाद ग्रामीणों का आक्रोश भड़का था और ग्रामीणों की मांग पर एसपी ने थानाध्यक्ष रहे धनराज महतो को निलंबित करते हुए लाइन हाजिर किया था। असगर की पोस्टिंग को ले चर्चाओं का बाजार गर्म है।




मारपीट में सात घायल, दो गिरफ्तार

दाउदनगर (औरंगाबाद):
झौरी बिगहा गांव में मंगलवार की रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में सात ग्रामीणों के घायल होने की सूचना है। दोनों पक्षों की ओर से थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है जिसमें 23 नामजद अभियुक्त बने हैं। पुलिस ने बुधवार को दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्राप्त सूचना के अनुसार अधिवक्ता मिथिलेश सिंह ने भादसं की धारा 147, 148, 149, 323, 324, 307, 380, 379 और 27 आ‌र्म्स एक्ट के तहत थाना में कांड संख्या 230/11 दर्ज कराई है जिसमें सत्येन्द्र सिंह उर्फ टाइगर, गुड्डू यादव, वृजा यादव, कमलेश यादव, अखिलेश यादव, जनार्दन यादव, कलावती देवी, इन्द्रावती देवी, प्रभावति देवी, पचिया देवी, पुष्पा कुमारी एवं रिंकी कुमारी अभियुक्त बने हैं। इस मामले में पूर्व प्रमुख केदार सिंह एवं इनके भाई इन्द्रदेव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। महिलाओं पर ईट पत्थर से हमला करने का आरोप है। इस मामले में वृजा यादव एवं सत्येन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दूसरी प्राथमिकी कांड संख्या 231/11 भादसं की धारा 147, 148, 149, 323, 324, 307, 354, 379 के तहत दर्ज की गई है जिसमें कलावती देवी ने इन्द्रदेव सिंह, मिथिलेश सिंह, चन्द्रदेव सिंह, जितेन्द्र कुमार, सत्येन्द्र सिंह, सरयू सिंह, बाल्मिकी सिंह, विजय कुमार, रामध्यान सिंह एवं केदार सिंह पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने, नगदी रुपए तथा गहना छिनने का आरोप लगाया है। इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। कलावती देवी, राकेश कुमार,प्रभावति देवी, गुड्डू कुमार एवं पंकज कुमार घायल बताए गए हैं।



देव में धराया छतीसगढ़ का इनामी

औरंगाबाद 
अपहरण एवं हत्या के मामले में छतीसगढ़ से फरार हुआ सिमरा थाना के भंडरा गांव निवासी पुकार यादव को देव थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार पुकार की तलाश पुलिस आठ महीने से कर रही थी। देव थानाध्यक्ष सुरेश राम ने बताया कि पुकार के खिलाफ छतीसगढ़ पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। पुकार ने 18 फरवरी 2011 को ढिबरा थाना मुख्यालय निवासी श्याम गुप्ता की छतीसगढ़ के कसडौल थाना क्षेत्र से अपहृत कर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने भादसं की धारा 302 एवं 365 के तहत कांड संख्या 70/11 दर्ज की थी। बताया जाता है कि छतीसगढ़ में शराब व्यवसाय का कारोबार करने वाला पुकार दीवाली में अपने घर आया था और सामान खरीदने बाजार गया था कि पुलिस ने उसे गुप्त सूचना पर गिरफ्तार कर लिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें