शनिवार, 29 अक्तूबर 2011

औरंगाबाद में आज की ताज़ा खबर ३०/ १०/२०११

छात्रों ने डीएम से की सवालों की बौछार

औरंगाबाद:
शहर के डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को पूर्ववर्ती छात्र सम्मान सम्मेलन आयोजित की गई। उद्घाटन डीएम अभय कुमार सिंह, विद्यालय निदेशक डा. यूएस प्रसाद, प्राचार्य जगत मोहन कुमार, विद्यालय के एलएमसी मेम्बर डा. रामाशीष सिंह, कौशलेन्द्र प्रताप नारायण सिंह ने दीप प्रज्वलित कर की। डीएम ने संबोधन में छात्रों से सिर्फ इतना कहा कि आप हमसे पूछिए सवाल जवाब देंगे। डीएम के इतना कहते ही छात्रों ने सवालों की बौछार लगा दी। छात्रों ने शहर में पार्क न होने का सवाल उठाया। कहा कि एक पार्क राजेन्द्र उद्यान है वह भी बदहाली पर रो रहा है। डीएम ने जवाब देते हुए कहा कि हमें भी महसूस हुआ है कि पार्क न रहने से बच्चे, युवा एवं बुजुर्गो को परेशानी होती है। कहा कि दानी बिगहा में बड़ा पार्क प्रस्तावित है। राजेन्द्र उद्यान के सौन्दर्यीकरण का प्रयास चल रहा है। ऊर्जा से संबंधित सवाल पर डीएम ने कहा कि नवीनगर में बीआरबीसीएल एवं एनपीजीसी के द्वारा परियोजना लगाया जा रहा है। जसोइया ग्रिड चालू होने से स्थिति सुधरी है परंतु इसे और बेहतर बनाने की जरूरत है। औरंगाबाद में नहीं हो रहे औद्योगिक विभाग एवं रेल लाइन से जुड़े सवाल पर डीएम ने शो मोटो जवाब दिया। कहा कि रेल केन्द्रीय मामला है और उद्योग वहीं लगता है जहां ला एंड आर्डर बेहतर होता है। बिहार में ला एंड आर्डर सुधर गया है और बड़े व्यवसायी उद्योग लगाने पहुंच रहे हैं। डीएम ने कहा कि शीघ्र ही सिमेंट एवं साइकिल फैक्ट्री खुलेगी। एक घंटे तक डीएम एवं छात्रों के बीच सवाल जवाब होता रहा। बाद में विद्यालय परिवार के द्वारा पूर्ववर्ती छात्रों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य जगत मोहन कुमार ने पूर्ववर्ती छात्रों को बधाई दी। डीएवी, मुंगेर, डेहरी, रोहतास एवं पुसौली के प्राचार्य उपस्थित रहे। संचालन अजय कुमार सिंह एवं निशा सिन्हा ने किया।

अपराधियों ने व्यवसायी को गोली मारी

मदनपुर (औरंगाबाद) :
बेखौफ अपराधियों ने शुक्रवार रात्रि थाना मुख्यालय के मछली बाजार के पास कपड़ा व्यवसायी किशुन साव (60 वर्ष) को गोली मार घायल कर दिया। मदनपुर दुर्गा चौक निवासी किशुन दुकान से जीटी रोड होकर अपने घर लौट रहे थे कि रास्ते में यह घटी। इलाज मदनपुर पीएचसी में किया गया जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज हेतु बाहर भेज दिया है। किशुन की स्थिति गंभीर बताई जाती है। चिकित्सकों के अनुसार किशुन को पीठ में गोली लगी है। मामले में खिरियांवा गांव के बिहारी साव का बेटा नामजद अभियुक्त बना है। थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

भाकपा का 22 वां अंचल सम्मेलन

बारुण (औरंगाबाद) :
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का 22 वां अंचल सम्मेलन शनिवार को बारुण में संपन्न हुआ। पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महंगाई एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ रैली निकाली। बारुण बाजार के विभिन्न मार्गो से गुजरते हुए रैली शहीद रामलखन स्मारक पहुंची और आम सभा में तब्दील हो गई। अध्यक्षता पार्टी के जिला परिषद सदस्य कैलाश सिंह एवं झंडोत्तोलन भागवत मेहता ने किया। पूर्व विधायक रामचन्द्र सिंह, राज्य परिषद सदस्य इरफान अहमद, रामाशीष राम ने संबोधित किया। आम सभा में वक्ताओं ने भ्रष्टाचार एवं महंगाई के मुद्दे पर केन्द्र सरकार को दोषी करार दिया। कहा कि भ्रष्टाचार एवं महंगाई के खिलाफ कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे।

पुराने दरोगा का रूप ले रहे प्रशिक्षु

दाउदनगर (औरंगाबाद) :
 भाकपा माले जिला कमिटी की दो दिवसीय बैठक शुक्रवार शाम पार्टी कार्यालय में संपन्न हुई। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए भ्रष्टाचार मिटाना जरूरी है। इसके लिए 21 नवम्बर को गांधी मैदान मैदान में भ्रष्टाचार मिटाओ लोकतंत्र बचाओ रैली का आयोजन किया गया है। कहा गया कि प्रखंड, बैंक, थाना, समाहरणालय से लेकर पंचायत स्तर तक व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार है। प्रशिक्षु दारोगा भी पुराने दारोगा के रंग में रंग गए हैं। ये भी भ्रष्टाचार में लिप्त हो गए हैं। जिला सचिव अनवर हुसैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि नवीनगर बारुण में प्रस्तावित थर्मल पावर प्लांट में जमीन देने वाले किसानों को सरकार मुआवजा तो दे रही है लेकिन उसके खेतों में कार्य करने वाले कृषि मजदूरों की आजीविका कैसे चलेगी। उन्हें नौकरी या मुआवजा देने पर सरकार को विचार करना चाहिए। ठनका से हुई मौत के पीड़ितों, नवनेर एवं अंछा के बाढ़ पीडितों को फसल क्षतिपूर्ति हेतु मुआवजा देने की मांग की गई। भ्रष्टाचार एवं अराजकता के खिलाफ जनता को गोलबंद कर रैली के बाद सड़क पर उतरने का निर्णय लिया गया। बैठक में 21 सदस्यीय कार्यकारिणी के 17 सदस्य शामिल हुए। पूर्व विधायक राजाराम सिंह, राजकुमार भगत, अलकारी देवी, छठन राम, भीमचंद, मुनारिक राम एवं मीना देवी उपस्थित रहे।

सूर्य मंदिर दर्शन से पूर्ण होती मनोकामना

औरंगाबाद/देव:
देव सूर्य मंदिर में छठ करने का महत्व अलग है। देश के कोने-कोने से व्रती यहां छठ करने को पहुंचते हैं। छोटा सा कस्बा लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ से पट जाती है। सूर्य मंदिर लोक आस्था का प्रमुख केन्द्र है। ऐसे तो देश में सूर्य के अनेकों स्थान हैं पर देव सूर्य मंदिर की पहचान अलग है। यहां व्रत करने वाले श्रद्धालुओं की प्रत्येक मनोकामना पूर्ण होती है। छठ मेला में भीड़ प्रत्येक वर्ष बढ़ती जा रही है। कार्तिक छठ मेला में पांच से सात लाख व्रती छठ करने पहुंचेंगे। मेला के दौरान लघु कुम्भ का नजारा दिखता है। भगवान सूर्य के गीत एवं उनके जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहेगा। मेला के दौरान यहां साम्प्रदायिक सौहार्द दिखता है। पत्थरों को तरासकर बनाया गया सूर्य मंदिर के गर्भगृह में विद्यमान भगवान सूर्य देवार्क के रूप में जाने जाते है। गर्भगृह के अंदर ही रथ पर सवार भगवान सूर्य की प्रतिमा है। गर्भगृह के अन्दर ब्रह्मा लिपी में लिखा शिलालेख से पता चलता है कि मंदिर का निर्माण हजारों वर्ष पहले हुआ है। वैसे पुजारी सच्चिदानंद पाठक मंदिर को त्रेतायुगिन बताते हैं। मंदिर की स्थापत्य कला उड़िसा के कोणार्क सूर्य मंदिर से मिलता है। मंदिर के विकास के लिए बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष किशोर कुणाल ने समिति का गठन किया है। सहकारिता मंत्री रामाधार सिंह ने शनिवार को बताया कि इस बार देव छठ मेला में लाइट व्यवस्था बेहतर होगी। औरंगाबाद जीटी रोड से आनंदपुरा होते हुए देव एवं जीटी रोड देव द्वार से देव तक रोशनी के लिए लाइट लगाए जाएंगे। पोखरा में गंगा जल डालने के लिए छह टैंकर रविवार सुबह बक्सर के लिए रवाना होगा। बक्सर में दोमुहान घाट से जलभरी की जाएगी।


सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमे श्रोता

 
ओबरा/रफीगंज (औरंगाबाद) :
करसावां मध्य विद्यालय परिसर में शुक्रवार रात्रि आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व जिप अध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह एवं बारुण प्रखंड प्रमुख अर्चना चन्द्र यादव ने किया। पूर्व जिप अध्यक्ष ने आयोजक दिलीप यादव को बधाई दी। कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से समाज में आपसी भाईचारा कायम होती है। प्रमुख ने कहा कि हम सभी मिलकर कार्यों को करेंगे तो अच्छा कर सकेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सरपंच फूलमान सिंह एवं संचालन श्रीकांत शर्मा ने किया। पूर्व प्रमुख रंजन यादव, सरपंच रविन्द्र सिंह, प्रो. अवध बिहारी सिंह, अवधेश सिंह, गुड्डू कुमार सिंह, नरेश यादव उपस्थित थे। रफीगंज संवाददाता के अनुसार शुक्रवार को खड़वा गांव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में हरिशचन्द्र भानूमति एवं मां तथा औलाद नामक नाटक का मंचन किया गया। उद्घाटन जिला पार्षद अरविंद भगत ने किया। विकलांग लोक गीत गायक संजीव सागर व्यास के गीतों पर दर्शक झूमते रहे। जितेन्द्र सिंह, राकेश सिंह, ललन सिंह, पिन्टू सिंह उपस्थित रहे। उधर तेन्दूआ गांव में गोवर्धन पूजा के अवसर पर दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उद्घाटन पैक्स अध्यक्ष संजय यादव ने किया। मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह, पंचायत समिति सदस्य उपेन्द्र यादव उपस्थित थे।


सड़क जाम मामले में 17 नामजद

औरंगाबाद :
रफीगंज थाना के शिवगंज मुख्य मार्ग पर नीमा वाजितपुर गांव के पास ट्रक की चपेट में आने से बालक की हुई मौत के बाद सड़क जाम मामले की प्राथमिकी दर्ज हुई है। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में 17 नामजद अभियुक्त बने हैं। मुफ्फसिल थाना के राजपुर गांव निवासी नागेन्द्र कुमार उर्फ मुन्ना, बेला गांव निवासी मनोज दास, नीमावाजितपुर गांव निवासी रंजन दास, राकेश पासवान, लल्लू पासवान, राधेश दास, सूबेदार दास का दामाद राजेश दास, उमेश पासवान, ललन पासवान, सुबोध पासवान, यदुनंदन साव, बुधन रविदास, शिवनंदन पासवान, रामप्रवेश दास, कैलाश पासवान, राकेश पासवान, विनय रविदास अभियुक्त बने हैं। सभी पर नाजायज मजमा बनाकर सड़क जाम करने, पुलिस पर हमला करने एवं ट्रक चालक को हत्या करने की नियत से पिटाई करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध भादसं की धारा 147, 149, 341, 323, 307, 379, 353, 152, 427 के तहत कांड संख्या 182/11 दर्ज की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें