शुक्रवार, 14 अक्तूबर 2011

खाद मूल्य वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन


रफीगंज (औरंगाबाद) 
खाद मूल्य वृद्धि के खिलाफ शुक्रवार को अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले भाकपा नेताओं ने रफीगंज में प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक रामचन्द्र यादव, जगनारायण सिंह, मकसुदन सिंह, पूर्व मुखिया रामनंदन सिंह, रामस्वरूप सिंह, कासीम, सुरेन्द्र यादव एवं रामचन्द्र यादव के नेतृत्व में नेताओं ने रेलवे स्टेशन पर रेल चक्का जाम कर केन्द्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नारेबाजी कर रहे भाकपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार किसान विरोधी है। महंगाई से परेशान किसानों को समय रहते खाद नहीं मिला। लहलहाती धान की फसल खाद के अभाव में बर्बाद हो गई। खाद न मिलने से किसानों को बीस से पच्चीस प्रतिशत धान उपज का नुकसान हुआ है। राज्य सरकार भी किसानों को ठगने का कार्य कर रही है। सरकार की उपेक्षापूर्ण रवैया के कारण किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। खाद के अलावा बीज में किसानों का शोषण हो रहा है। सरकार के द्वारा किसान विरोधी नीति अपनाने के कारण किसान बेहाल हैं। यूरिया खाद का दाम 500 रुपए एवं डीएपी 1000 रुपए किया गया है। रेल परिचालन बाधित होने पर स्थानीय प्रशासन के साथ रेलवे पुलिस ने पार्टी नेताओं को गिरफ्तार किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें